सोमवार, 21 फ़रवरी 2011

मोटरसाइकलों पर आधारित व्यापार मेला

110218_imot_1.jpg
18 से 20 फरवरी तक म्युनिक में मोटरसाइकल कारोबार पर आधारित बवेरिया के सबसे बड़े व्यापार मेले का आयोजन हुआ जिसमें 19 देशों की पौने तीन सौ कम्पनियों ने भाग लिया। इसमें भारी भरकम, 1000cc से ऊपर से मोटरसाइकलों से लेकर हलके मोटरसाइकल, स्कूटर, तीन पहियों वाले trikes, चार पहियों वाले quads, उपयुक्त कपड़े हेल्मेट, तकनीक, tuning, और टूर आदि आयोजित करने वाली कम्पनियों ने अपने उत्पाद और सेवाएं प्रस्तुत कीं। जर्मनी में ठण्ड के बावजूद मोटरसाइकलों के शौकीनों की कमी नहीं। यहां या तो रेस के लिए मोटरसाइकल चलाए जाते हैं या फिर लम्बी यात्राओं के लिए। इसलिए ये आमतौर पर 1000cc से बड़े ही होते हैं। खासकर लम्बी यात्राओं के लिए अमरीका के भारी भरकम Harley-Davidson मोटरसाइकलों का यहां बहुत craze है। ठीक वैसे ही जैसे अमरीका में जर्मनी की BMW कारों का craze है। बहुत सारी कम्पनियां इन मोटरसाइकलों को किराए पर देकर यूरोप के, अमरीका के या पूरी दुनिया के हज़ारों किलोमीटरों के टूर लगवाती हैं। सबसे लोकप्रिय है अमरीका का Route 66.
http://www.imot.de/

बुधवार, 16 फ़रवरी 2011

हिन्दी पुस्तक का जर्मन में अनुवाद


Book reading of German translation published by Draupadi Publications of a Hindi book by indian author Uday Prakash, in Munich.

दस नवंबर को म्युनिक के 'Eine Welt Haus' में हिन्दी लेखक 'उदय प्रकाश' की हिन्दी पुस्तक '.... और अन्त में प्रार्थना' के जर्मन रूपान्तर 'Doktor Wakankar. Aus dem Leben eines aufrechten Hindus' का एक विशेष सभा में परिचय दिया गया। इस सभा में दो मॉडरेटरों द्वारा जर्मन अनूदित पुस्तक में से कुछ अंश पढ़कर श्रोताओं को सुनाए गए और साथ ही मूल लेखक 'उदय प्रकाश' ने पुस्तक और विषय सम्बंधी जानकारी दी। मॉडरेटरों, लेखक और श्रोताओं के आपसी संवाद की सुविधा के लिए एक जर्मन-अंग्रेज़ी अनुवादक भी उपस्थित थीं। मूल हिन्दी पुस्तक भारत में 'वाणी प्रकाशन, दिल्ली' द्वारा प्रकाशित की गई थी। और जर्मनी में इसे 'द्रौपदी प्रकाशन' (Draupadi Verlag) ने प्रकाशित किया है। वहां जर्मन अनूदित पुस्तकें बिक्री के लिए भी उपलब्ध थीं।

मॉडरेटर Renate Börger ने श्रोताओं का स्वागत किया और लेखक 'श्री उदय प्रकाश' पुस्तक का परिचय देते हुए कहा कि 1952 में जन्मे उदय प्रकाश की पुस्तक में हिन्दू राष्ट्रवाद और एक डॉक्टर के पेशे के बीच झूलते हुए 'डा. दिनेश मनोहर वाकणकर' की कहानी है। उन्होंने कहा कि वे कुल बीस पच्चीस मिनट के समय में पुस्तक में चुने गए पांच अध्यायों में से कुछ अंश पढ़ेंगी। हर पठन के बाद पोडियम पर उनके साथ बैठे उदय प्रकाश जी से प्रश्नोत्तर भी किया जाएगा। फिर उन्होंने उदय प्रकाश जी को मूल हिन्दी पुस्तक में से कुछ पंक्तियां पढ़कर सुनाने का अनुरोध किया ताकि श्रोताओं को मूल भाषा का थोड़ा आभास हो सके। उदय प्रकाश जी ने उपन्यास की कुछ आरम्भिक पंक्तियां पढ़ीं।

पुस्तक के बारे में बताते हुए 'उदय प्रकाश जी' ने कहा कि 48 वर्ष की आयु के 'डा. वाकणकर' चमड़ी के रोगों के डाक्टर होने के साथ साथ 'राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ' के सक्रिय सदस्य भी हैं। 1990 में लिखी यह कोई काल्पनिक कहानी नहीं बल्कि सच्ची कहानी है (हालांकि हिन्दी पुस्तक पर लिखा हुआ है कि सभी पात्र काल्पनिक हैं)। एक दंगे में पुलिस की गोली द्वारा एक मुस्लिम युवक मारा जाता है। वहां के न्याय मन्त्री, जो सीमेंट के व्यापारी भी हैं, उन्हें झूठी शव परीक्षा रिपोर्ट बनाने को कहते हैं, जिसमें मृत्यु का कारण गोली नहीं बल्कि पत्थर-बाज़ी बताया जाए। उस समय मैं दिल्ली में एक हिन्दी समाचार पत्र में बतौर पत्रकार काम करता था। समाचार पत्र ने कई बार मेरी सच्ची रिपोर्टें छापने से मना किया जिसके कारण मैं नौकरी छोड़ कर मध्यप्रदेश लौट आया। वहां मेरी मुलाकात डा. वाकणकर से हुई। उस घटना के बाद उनकी दिमागी हालत ठीक नहीं थी। मैं उन्हें दिल्ली लाया। वे 'राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ' को एक सांस्कृतिक संगठन समझते थे पर यह एक राजनैतिक संगठन सिद्ध हुआ। हमने कई प्रेस कॉन्फ़्रेंस आयोजित करके इस मुद्दे को उजागर करने का प्रयत्न किया।'

इस पर Renate Börger ने पूछाः भारत में 'राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ' की बीस हज़ार से अधिक शाखाएं हैं। आप हिन्दू राष्ट्रीय आन्दोलन की व्याख्या कैसे करेंगे? उदय प्रकाश जी ने उत्तर दिया कि भारतीय जनसांख्यिकी में दलित भी हैं। भारतीय संविधान के निर्माता डा. अंबेडकर ने कहा था कि दलित हिन्दू नहीं हैं। वे अलग हैं। उन्होंने दलितों से आह्वान किया था कि हिन्दू धर्म में उन्हें मुक्ति नहीं मिलेगी इसलिए वे बौद्ध धर्म अपनाएं। 1996 में भारत में एक सर्वेक्षण से पता चला कि भारत में केवल अधिक जाने वाले केवल चार पांच समूह नहीं (जैसे हिन्दू, मुस्लिम, ईसाई आदि) बल्कि दो हज़ार पच्चीस समूह हैं। यहां चौबीस नहीं बल्कि दो सौ भाषाएं हैं। इतनी सारी जातियों में किसी तरह का राजनैतिक एकीकरण सम्भव नहीं। लेकिन मीडिया लोगों को एक कृत्रिम पहचान देने का प्रयत्न करता है। यह पुस्तक बाबरी मस्जिद विध्वंस से भी पहले लिखी गई थी। इसमें गुजरात दंगों, ईसाई मिशनरियों पर हिंसक आक्रमण आदि के द्वारा तनाव पैदा करने का उल्लेख किया गया है। पर पिछड़ी जातियां अब अपनी पहचान दर्ज करवा रही हैं। पिछले दो चुनावों में यह देखने को मिला है। इस पार्टी को हार का मुंह देखना पड़ा है। अगर भविष्य में भी वे हारते हैं तो भविष्य बेहतर होगा।'

साथ ही उदय प्रकाश ने नब्बे के दशक में आरम्भ हुई वैश्वीकरण की लहर का अपने गांव पर पड़ते असर का उल्लेख करते हुए कहां 'एक कागज़ बनाने वाली फ़ैक्टरी ने मेरे गांव की कृषि योग्य भूमि का अधिग्रहण कर लिया। वहां महुआ के पेड़ों, जड़ी बूटियों की बजाय तेज़ी से बढ़ने वाले नील-गिरी के पेड़ (eucalyptus) की बड़ी मात्रा में खेती होने लगी। इन पेड़ों की शाखाएं नहीं होतीं और ये बहुत पानी चूसते हैं जिससे पानी का स्तर गिरता जाता है। इस वजह से और पानी के लिए और गहरी खुदाई करनी पड़ती है। अब तो बरसात का मौसम भी अता पता नहीं। मेरा घर दरिया के किनारे था। वह दरिया अब सूख चुका है। एक सर्वेक्षण के अनुसार स्वतन्त्रता के समय 1947 में भारत में 48% भूमि पर जंगल थे। अब केवल 12% भूमि पर जंगल हैं। ये आंकड़े भी भ्रामक हैं। पूर्वी और पश्चिमी भारत तो पर्याप्त बरसात के कारण बच गया। पर कुछ अन्य क्षेत्रों में से तो जंगल पूरी तरह ग़ायब हो चुके हैं। आदिवासी इसकी सबसे बड़ी कीमत चुकाते हैं। वे सदियों से जंगलों में रहते आए हैं। बॉक्साइट, लौह, कोयले आदि प्राकृतिक संसाधनों के लिए उन्हें बेघर कर दिया जाता है। ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों की तरह उनमें मृत्यु दर, जन्म दर से भी अधिक है। अब तक अस्सी लाख आदि-वासियों का सफ़ाया हो चुका है। भारत की अभी भी 11% जनसंख्या आदि-वासियों की है। यह गिनती इटली, इंगलैण्ड और फ़्रांस की कुल आबादी से भी अधिक है।'

श्रोताओं में से किसी ने पूछा 'दलितों और पिछड़ी जातियों ने कट्टरपन्थ के विरुद्ध लड़ाई में क्या भूमिका निभाई है?' उदय प्रकाश जी ने उत्तर दिया 'उत्तर प्रदेश सबसे अधिक आबादी वाला प्रान्त है। वहां अब मायावती द्वारा दलितों की सरकार चल रही है। वे जातिवाद के विरुद्ध लड़ रहे हैं। अरुंधति राय आदि-वासियों के लिए लड़ रही है। लेकिन जातिवाद को सही मायनों में समाप्त करने के लिए बहुत गहन चिन्तन की ज़रूरत है। लेकिन मैं कोई नेता नहीं बल्कि लेखक हूं। मेरे अगले उपन्यास में एक लड़की और एक छोटी जाति के लड़के की प्रेम कहानी है। मुझे डर लगता है कि जिस तरह से भारत में तरह तरह भेदभावों के द्वारा अपने हित साधे जाते हैं, उससे स्थित बहुत विस्फोटक बन सकती है। महात्मा गांधी जी सत्ता के विकेन्द्रीकरण की बात करते थे। पर ऐसा नहीं हुआ। पर वहीं पर भारत की अनेकता और विविधता के कारण लोकतन्त्र अभी भी शक्तिशाली है। केवल दस वर्ष पहले ही सोनिया गांधी का उसके विदेशी मूल को लेकर कितना विरोध हुआ। लेकिन अब वे प्रधान मन्त्री तक बन सकती हैं।'

एक श्रोता ने पूछा 'भारतीय राजनैतिक पटल पर भारतीय युवा लोगों की क्या भूमिका है?' उदय प्रकाश जी ने कहा 'भारत में 77% जनसंख्या देहात में रहती है। बर्लिन में भी इसी विषय को दर्शाती एक प्रदर्शनी चल रही है जिसका शीर्षक है 'what makes india urban'. लगभग 28.5 करोड़ युवा लोग शहरों में रहते हैं। यह विश्व का चौथा सबसे बड़ा उपभोक्ता बाजार है। भारत में दो तरह की युवा पीढ़ियां हैं। 15-20% साधन संपन्न लोग हैं। बाकी लोग ऐसे हैं जो हर सुविधा और शिक्षा से वंचित हैं। वे विकल्प के रूप में हथियार उठाते हें। नक्सली आन्दोलन इसी का परिणाम है। भारतीय मध्य वर्ग, खास तौर पर तकनीकी प्रगति के बाद उपजे मध्य वर्ग के मन में 77% जनसंख्या वाले वंचित और गरीब लोगों के लिए कोई सहानुभूति नहीं है। यह गरीब लोग एक डॉलर से भी कम दैनिक आय में गुज़र बसर करती है। दुनिया का मलेरिया से मरने वाला हर तीसरा व्यक्ति भारतीय है। विश्व के 1.6 करोड़ कुष्ठरोगियों में से 1.2 करोड़ भारतीय हैं। पवन कुमार वर्मा की पुस्तक 'Great Indian Middle Class' (हिन्दी में 'भारत के मध्य वर्ग की अजीब दास्तान') इसी सच्चाई को दर्शाती है। 'अन्तरराष्ट्रीय पारदर्शिता संस्था' (Transparency International) ने पारदर्शिता के पैमाने पर भारत को विश्व में 163वां स्थान दिया है। इसी से भारत में भ्रष्टाचार का अन्दाज़ा लग जाता है।'

एक अन्य श्रोता ने पूछा 'भारतीय युवा वर्ग का राजनीति के प्रति क्या रवैया है? राजनीति में उनका झुकाव और भागीदारी कितनी है?' उदय प्रकाश जी ने कहा 'अभी भी स्वर्ण वर्ग के हिन्दू सत्ता में हैं। यहां पर 1968 में यूरोप के छात्रों द्वारा किए गए आन्दोलन जैसा कोई आन्दोलन नहीं है। थोड़ा बहुत जो युवा आन्दोलन हुआ, वह 1977 में आपात-काल के दौरान जयप्रकाश नारायण के प्रतिनिधित्व में हुआ। भारत में दो तरह का युवा वर्ग है। एक ओर वैश्वीकरण का फायदा उठाता हुआ, अच्छे वेतन पाता हुआ युवा वर्ग है। राजनीति में उसकी रुचि नहीं है। दूसरा गरीब युवा वर्ग जिसमें बेरोज़गारी व्यापक है। इस युवा वर्ग के पास हथियार उठाने के सिवा कोई विकल्प नहीं बचता। ये दो समानान्तर पीढ़ियां आपस में किसी दिन टकरा सकती हैं, जिसके बारे में सोच कर ही मैं डर जाता हूं। भारत में 60-70 करोड़ लोग हिन्दी बोलते हैं। इसलिए मैं अपने प्रकाशक का बहुत धन्यवादी हूं जिन्होंने मेरी आवाज़ को जन जन तक पहुंचाया। मैं अपने जर्मन प्रकाशकों का भी बहुत आभारी हूं, जिन्होंने वैश्वीकरण की चमक दमक में भी भारत के एक अंधियारे कोने निकलती हुई इस आवाज़ को सुनने की हिम्मत की है। यह आवाज़ बड़ी बड़ी बातें करती किसी अन्तरराष्ट्रीय कंपनी की नहीं बल्कि एक आम आदमी की है।

अधिकतर श्रोताओं का मानना था कि कार्यक्रम बहुत ही रोचक था। लेखक ने बड़ी हिम्मत, सच्चाई और ईमानदारी के साथ अनके बातें बताईं। श्रोताओं में से Christine कहती हैं कि लगता है कि अनुवादक ने भारतीय सन्दर्भ में पहले से तैयारी नहीं की थी। बहुत से भारतीय शब्द जैसे ब्राह्मण, क्षत्रीय, किसान, आदिवासी, दलित आदि उसने वैसे के वैसे ही उपयोग किए। इन महत्वपूर्ण शब्दों का भी जर्मन भाषा में अनुवाद किया जाना चाहिए था, क्योंकि इन्हें ठीक तरह समझे बिना श्रोताओं की समझ आधी अधूरी रह गई होगी। श्रोताओं में से Ingrid ने पुस्तक खरीदी और उदय प्रकाश जी से ऑटोग्राफ लिया।

फ़िल्म 'वीर' म्युनिक में प्रदर्शित



Salman's latest film 'Veer' is on german tour. First show in Munich witnessed half filled hall with sufficiently satisfied filmgoers. Most watchers find it to be entertaining and a clean film.




ਸਲਮਾਨ ਦੀਆਂ ਫਿਲਮਾਂ ਆਮ ਪੰਜਾਬੀ ਲੋਕਾਂ ਲਈ ਕਾਫੀ ਮਨੋਰੰਜਕ ਹੁੰਦੀਆਂ ਹਨ. ਪਿਛਲੀ ਫਿਲਮ 'ਵੀਰ' ਵੀ ਕੁੱਝ ਇਸ ਤਰਾਂ ਦੀ ਸੀ.




सलमान खान की नयी फ़िल्म 'वीर' का पहला शो म्युनिक के Neue Rottmann नामक एक सिनेमाघर में 21 जनवरी को आयोजित हुआ। लेकिन फ़िल्म को देखने उम्मीद से बहुत कम लोग आये। शो के निर्धारित समय तक बहुत कम लोग आये थे। इस लिये फ़िल्म देर से शुरू की गई। तब लगभग आधा हॉल भर गया था। फ़िल्म देखने वालों में कुछ पंजाबी लड़के थे, कुछ जर्मन लोग थे, बाकी पाकिस्तान, अफ़्गानिस्तान आदि के कुछ परिवार थे।  अधिकतर देसी लोगों को फ़िल्म ठीकठाक, साफ़ सुथरी, मनोरंजक और परिवार के साथ बैठकर देखने लायक लगी। फ़िल्म की कहानी और सन्देश किसी को कितना प्रभावित या प्रेरित कर पाये, यह कहना मुश्किल है। फ़िल्म के वितरक अशरफ़ क्षुब्ध हैं। कहते हैं म्युनिक में एक तो भारतीय लोग कम हैं, ऊपर से उन्हें फ़िल्म देखने का कोई चाव नहीं है। यही शाहरुख खान की फ़िल्म होती तो बाहर खड़े होने को भी जगह नहीं मिलती। लेकिन बड़ी फ़िल्में उन्हें मिल नहीं पातीं। अब शाहरुख की नयी फ़िल्म 'My Name is Khan' को लोग पूछ रहे हैं। लेकिन यह फ़िल्म भी किसी जर्मन वितरक कंपनी के पास है। लोग कहते हैं कि Cinemaxx या Mathäser जैसे किसी अच्छे सिनेमाघर में फ़िल्म लगाओ, तब देखने आयेंगे, लेकिन उनके किराये बहुत मंहगे हैं। इस हॉल में भी कोई खराबी नहीं है। साउण्ड, स्क्रीन, सीटें आदि सब कुछ ठीक ठाक है।

फ़िल्म में अपने देश और संस्कृति में विश्वास जगाने का प्रयत्न किया गया है। लेकिन ब्रिटिशों के विरुद्ध अत्यधिक रोष, और कई सारे भावुक सीन फ़िल्म को कई जगह पर, खास कर अन्त में बिना वजह बहुत लंबा और बोझिल बना देते हैं। गाने बहुत अच्छे हैं। एडिटिंग बहुत ही नपी तुली है।

http://www.erosentertainment.com/
http://veerblogs.erosentertainment.com/
http://veer.erosentertainment.com/

रविवार, 13 फ़रवरी 2011

म्युनिक मन्दिर में सरस्वती पूजा 2011

13 फरवरी को IGCA ने म्युनिक के हरि ओम मन्दिर में सरस्वती पूजा का आयोजन किया। पण्डित धर्म पराशर ने विद्या, कला और संगीत की देवी मां सरस्वती की पूजा अर्चना संपन्न की। अमरजीत सिंह शौकीन ने मन्दिर की रसोई में ही चने, चावल, दाल, पूरियों और खीर के साथ स्वादिष्ट भोजन प्रसाद (लंगर) तैयार किया। शालिनी सिन्हा, मिथिलेष सिन्हा, राजेश मिस्त्री और रूपा सेन ने मिलकर बच्चों के painting competition और fancy dress competition की व्यवस्था की। दोनों प्रतियोगिताओं में बच्चों को सात साल तक की आयु और सात साल से अधिक की आयु की दो श्रेणियों में बांटा गया। हालांकि प्रतियोगिता के लिए बच्चों के नाम लिखवाने के लिए पहले से आग्रह किया गया था। पर बिल्कुल मौके पर लगभग दोगुने बच्चे भाग लेने के लिए पहुंच गए। भारतीय कोंसल श्री यशपाल मोतवानी, उनकी धर्मपत्नी, कोंसल श्री गोलदार, उनकी धर्मपत्नी, पूर्णिमा अरोड़ा और वर्षा पाटिल ने जज की भूमिका अदा की। fancy dance competition में बड़े बच्चों की श्रेणी में शबरी बनी प्रियंका जोशी को पहला ईनाम, नारद मुनि और कृष्ण बने बच्चों को दूसरा ईनाम और द्रौपदी बनी रिया अरोड़ा को तीसरा ईनाम मिला। छोटे बच्चों में नारद मुनि बनी श्रेया मंगला को तीसरा ईनाम और गायत्री माता बनी सृष्टि जैन को दूसरा ईनाम मिला। पहला ईनाम एक पांच वर्षीय बच्ची 'सुहानी' को मिला जिसने बहुत ही creative idea के साथ सब्ज़ियां बेचने वाली लड़की की भूमिका निभाई और आलू ले लो, प्याज ले लो आदि आवाज़ें लगाईं। सभी को यह बहुत रोचक लगा और बहुत पसन्द आया। नारद मुनि की भूमिका में श्रेया मंगला ने हिन्दी में संवाद बोले 'नारायण नारायण, आप सभी जनों को नारद मुनि का सादर प्रणाम' और सृष्टि जैन ने गायत्री मन्त्र गाया। इसके अलावा cowboy, राजकुमारी, कृष्ण आदि बने अन्य बच्चों को भी सान्त्वना पुरस्कार मिले। अमरजीत सिंह शौकीन ने बच्चों को ईनाम बांटे। ऐसे ही painting competition में भी पहले, दूसरे और तीसरे ईनाम के अलावा भाग लेने वाले सभी बच्चों को सान्त्वना पुरस्कार मिले। इसके अलावा कई बच्चों ने मिलकर स्नेहा भारद्वाज द्वारा choreographed शास्त्रीय संगीत पर एक dance performance भी दी। पन्द्रह वर्षीय प्रिया अरोड़ा ने हिन्दी में हरिवंश राय बच्चन की एक कविता सुनाई।

शुक्रवार, 11 फ़रवरी 2011

पौने पांच सौ साल बाद मिला डूबा हुआ जहाज़

The spices exhibition in Rosenheim opens window to vast and long story of world trade of spices. This story is about a small part of this exhibition, a story about the Portuguese ship 'Bom Jesus' which was found in April 2008 on Namibian coast, 476 years after it was lost in storm while heading for India.

Munich के पास Rosenheim नामक शहर में चल रही मसालों के वैश्विक व्यापार पर आधारित एक बड़ी प्रदर्शनी का एक अध्याय इस लेख में पेश किया जा रहा है. यह प्रदर्शनी अक्तूबर 2010 तक चलेगी, देखना ना भूलें. लेख के अन्त में प्रदर्शनी का web पता देखें.

आज से केवल दो साल पहले एक खोज ने मसालों के सदियों पुराने विश्व व्यापार के इतिहास में एक नया अध्याय खोल दिया. April 2008 में Namibia के समुद्री तट के पास एक हीरों की खान के पास 476 साल पुराना डूबा हुआ एक पुर्तागाली जलपोत मिला जो टनों के हिसाब से तांबा, सोना आदि लाद कर भारत जा रहा था. इससे पहली बार ज्ञात हुआ कि उस समय में Germany के व्यापारी कितनी भारी मात्रा में इस व्यापार में संलग्न थे. इस खोए हुए पोत में से लगभग सौ टन की कुल 7484 चीज़ें मिलीं जिन में 21 किलो चांदी के सिक्के, ग्यारह किलो सोने के सिक्के, सात टन लकड़ी, पांच anchor, कांसे और लोहे की तोपें, तलवारें, तोपों के गोले, बन्दूकें, तांबे और टीन के बरतन, 78 हाथी के दांत, साढे छह टन सीसा, सौ किलो टीन, बीस टन तांबा और पोतों की स्थिति मापने के लिए अनेक यन्त्र शामिल थे.

4 march 1533 को Bom Jesus नामक यह पोत तीन अन्य पोतों के साथ Potugal की Lisbon बन्दरगाह से भारत की ओर चला. यह 29 meter लम्बा और साढे आठ meter लम्बा बिल्कुल नया और आधुनिक पोत था. इसकी लकड़ी पानी में 9cm और ऊपर 7cm मोटी थी. इस में चौरस आकार के पाल थे जिन पर पुर्तगाली cross बना हुआ था. इस में लदा सामान Europe की कई प्रमुख बन्दरगाहों से आया था जैसे Gdańsk, Antwerp, Seville, Venice और Cadiz. इस में लदे तांबे के गोले Augsburg के Fugger नामक व्यापारिक परिवार से थे जिन की Slovakia में तांबे की खानें थीं. इस तांबे के बदले में Potugal भारत में काली मिर्च और अन्य मसालों का व्यापार करता था. 1510 में गोवा पर कब्जा करने के बाद तांबे के सिक्के भी वहीं बनाए जाने लगे थे जिन से व्यापार में बेहतर कमाई होती थी. इस के अलावा यह तांबे के गोले खम्भात की खाडी में, कोचीन में और मालाबार क्षेत्र में भी बेचे जाते थे. इनके अलावा पोत में लदा साढे छह टन सीसा भी Fugger परिवार से ही आने का अनुमान है. वे सीसे को Poland से ख़रीद कर Venice भेजते थे और वहां से यह Lisbon आता था. यह भी भारत में इमारतें बनाने के काम आता था. सीसे का गोला-बारूद बनाने में भी बहुत प्रयोग था. हर सिपाही करीब छह किलो सीसा लिए घूमता था. पोत में एक दो टन पारा भी था जो इद्रिया और अलमदन की खानों से आया था. अनुमान के अनुसार यह भी Fugger परिवार की ही सम्पत्ति थी. इसे भी भारत में बरतन बनाने और शीशे पर परत चढ़ाने के लिए बेचा जाता था. पारे के व्यापार से सब से अधिक नफा होता था. इस पोत में समुद्री युद्धों के लिए आधुनिक तोपें लगीं हुईं थीं. इन तोपों से 113mm व्यास के साढे पांच किलो भारी लोहे के गोले छोड़े जाते थे. हर गोले को दागने के लिए साढे पांच किलो बारूद की आवश्यकता होती थी. गोला 368 meter प्रति second की गति से जाता था. यह गोला 765 meter दूर बलूत की लकड़ी की 125 mm मोटी दीवार को आसानी से तोड़ सकता था. 220 meter की दूरी पर तो 480 mm मोटी लकड़ी भी इस के आगे नाकाम थी. हर तरह की तोप के लिए पत्थर और लोहे के गोले भी इस पोत में थे और हर तोप को दागने के लिए दो तोपची भी थे. इन में से बहुत से तोपची German थे. इस पोत पर इतना असला इस लिए था क्योंकि पोतों को Somalia के पास भारत में व्यापार करने वाले Muslim जलपोतों पर हमला बोलने की आज्ञा थी. पोतों के कप्तान अपने नाविकों को लूट का एक हिस्सा देने का प्रलोभन देते थे. पोत के हर नाविक को मसालों एक बोरी अपने साथ घर लाने अनुमति थी. यह उस समय बहुत बड़ी बात होती थी. इस के सपनों में लोग समुद्र के खतरों को भूल कर साथ जाने को तैयार हो जाते थे.

Lisbon से चलते समय इस पोत में 70 नाविक, 24 अधिकारी, 36 यात्री और 120 सैनिक थे. September 1533 में गोवा में तीन German व्यापारी बेसब्री से इस पोत के पहुंचने की प्रतीक्षा कर रहे थे. पर यह पोत दक्षिण अन्ध महासागर में African तट के पास एक तूफ़ान में फंस गया और हवा और तूफ़ान के द्वारा तट के पास धकेल दिया गया. फिर यह पोत सारे लोगों और सामान के साथ 476 सालों तक लापता रहा. हालांकि इस पर सवार लोगों की कुछ व्यक्तिगत चीज़ें मिली हैं पर खुद लोगों का कोई सुराग आज तक नहीं मिला है.

उपरोक्त चित्र National Geographic द्वारा पाई गई चीज़ों का अध्ययन कर के दोबारा तैयार किया गया है कि यह मूल रूप से कैसा दिखता होगा. February 2010 में National Geographic ने पहली बार इस के बारे में report प्रकाशित की

http://www.gewuerze-ausstellung.de/

मसालों के व्यापार पर प्रदर्शनी

America पहुंचने के कुछ सप्ताह बाद 4 नवंबर 1492 को Christoph Columbus ने एक पत्र में लिखा 'आज मैं ने अपना जलपोत दोबारा पानी में उतार दिया है. मैं भगवान का नाम ले कर दक्षिण पश्चिम दिशा में सोने, मसालों और नए देशों की खोज में अपनी यात्रा जारी कर रहा हूं.' केवल Columbus ही नहीं, सारा विश्व की उस समय में मसालों में रुचि थी. काली मिर्च, लौंग, जयफल, दाल-चीनी आदि मसाले उस समय में इतने कीमती थे कि उनका व्यापार सब से अधिक मुनाफ़े वाला धंधा था. Columbus, Ferdinand Magellan और Vasco da Gama जैसे नाविकों की कीमती और खतरनाक खोजी यात्राएं इस लिए सम्भव हो सकीं क्योंकि उस समय के राजा इन दुर्लभ मसालों तक पहुंचने के लिए लगातार नए नए समुद्री रास्ते ढूंढ रहे थे. आज हमें घर बैठे कौडियों के दाम पर ये मसाले मिलते हैं, इस लिए हम इसका अनुमान नहीं लगा सकते कि इस उपलब्धि के पीछे कितनी लम्बी कहानी, कितना नरसंहार, कितना पैसा, कितना अपराध और कितनी हिंसा अपने निशान छोड़ चुकी है.इस लम्बी यात्रा का सफ़र आप भी कर सकते हैं, असली मसालों, ख़ुशबूओं, चित्रों, video के साथ. Munich के पास Rosenheim शहर में 'Lokschuppen' नामक इमारत में मसालों के व्यापार पर आधारित एक सात महीने लम्बी, विशाल और विस्तृत प्रदर्शनी चल रही है जो अक्तूबर तक रहेगी. इस में कीमती मसालों के सन्दर्भ में अनेक देशों, संस्कृतियों और लोगों की कहानियां बताई गई हैं. इस प्रदर्शनी को आयोजित करने के लिए दो वर्ष तक शोधकार्य होता रहा. वहां काम करने वाले करीब बीस guides को छह महीने तक अध्धय्यन कर के परीक्षा पास करने पर ही guide का काम करने की अनुमति मिली है. ये guide आपको हर चीज़ के पीछे की कहानी इतने विस्तार से बताएंगे कि आप अलग अलग guides से कई बार टूर करना चाहेंगे. बस आपको German ठीक ठाक समझ आनी चाहिए.

http://www.gewuerze-ausstellung.de/

शनिवार, 5 फ़रवरी 2011

ਬਰਸੀ ਤੇ ਵਿਸੇਸ ਸਮਾਗਮ ਕਰਾਇਆ ਗਿਆ

ਜਲੰਧਰ 4 ਫਰਬਰੀ (ਮਪ) ਸਹੀਦ ਬਾਬਾ ਨੱਥਾ ਸਿੰਘ ਜੀ ਦੇ ਪਵਿੱਤਰ ਅਸਥਾਨ ਪਿੰਡ ਕੰਦੋਲਾ ਕਲਾਂ ਵਿਖੇ ਸ: ਮਹਿੰਦਰ ਸਿੰਘ (ਧਾਲੀਵਾਲ) ਸਾਬਕਾ ਪ੍ਰਧਾਨ ਜੀ ਦੀ ਬਰਸੀ ਨੂੰ ਮੁੱਖ ਰੱਖ ਕੇ ਸ੍ਰੀ ਅਖੰਡ ਪਾਠ ਸਾਹਿਬ ਜੀ ਦੇ ਭੋਗ ਪਾਏ ਗਏ! ਭੋਗ ਤੋ ਅਪਰੰਤ ਜਥੇਦਾਰ ਸੁਖਵੀਰ ਸਿੰਘ (ਸੁੰਨੜ) ਸਰਪੰਚ ਦੇ ਢਾਡੀ ਜਥੇ ਨੇ ਸਹੀਦ ਬਾਬਾ ਦੀਪ ਸਿੰਘ ਜੀ ਦੇ ਪ੍ਰਸੰਗ ਦੁਆਰਾ ਸੰਗਤਾ ਨੂੰ ਨਿਹਾਲ ਕੀਤਾ! ਇਸ ਸਮੇ ਅੁਚੇਚੇ ਤੋਰ ਤੇ ਜਰਮਨ ਤੋ ਪਹੁੰਚੇ ਹੋਏ ਸਵਿ: ਸ: ਮਹਿੰਦਰ ਸਿੰਘ ਜੀ ਦੇ ਲੜਕੇ ਸ: ਹਰਜਿੰਦਰ ਸਿੰਘ (ਧਾਲੀਵਾਲ) ਨੇ ਅੁੱਦਮ ਕਰਕੇ ਹਰ ਸਾਲ ਦੀ ਤਰਾ ਛੋਟੇ-ਛੋਟੇ ਬੱਚਿਆਂ ਨੂੰ ਸਿੱਖ ਧਰਮ ਨਾਲ ਜੋੜਨ ਦਾ ਜਤਨ ਕੀਤਾ! ਜਿੰਨਾ ਬੱਚਿਆਂ ਨੇ ਸਟੇਜ ਤੋ ਜਵਾਨੀ ਜਪੁਜੀ ਸਾਹਿਬ, ਦੱਸ ਗੁਰੂਆਂ ਦੇ ਨਾਮ, ਪੰਜ ਪਿਆਰਿਆਂ ਦੇ ਨਾਮ ਜਾ ਹੋਰ ਧਾਰਮਿਕ ਕਬਿਤਾਵਾ ਸੁਣਾਈਆਂ! ਅੂੰਨਾਂ ਬੱਚਿਆਂ ਨੂੰ ਸਨਮਾਤ ਕੀਤਾ ਗਿਆ ਸਨਮਾਨ ਚਿੰਨ ਦੇਕੇ ਜਿਸ ਵਿੱਚ ਤਕਰੀਬਨ 65 ਬੱਚਿਆਂ ਨੇ ਹਿੱਸਾ ਲਿਆ! ਇਸ ਮੋਕੇ ਸੁਖਵੀਰ ਸਿੰਘ (ਸੂੰਨੜ) ਜੀ ਦੇ ਢਾਡੀ ਜਥੇ ਵਲੋ ਕਢਾਈ ਗਈ ਸੀਡੀ ਨੂੰ ਵੀ ਰਲੀਜ ਕੀਤਾ ਗਿਆ! ਅੰਤ ਵਿੱਚ ਧਾਲੀਵਾਲ ਪ੍ਰਵਾਰ ਵਲੋ ਆਏ ਹੋਏ ਰਿਸਤੇਦਾਰ ਅਤੇ ਸੇਵਾਦਾਰਾਂ ਨੂੰ ਵੀ ਸਨਮਾਨ ਚਿੰਨ ਦੇਕੇ ਸਨਮਾਤ ਕੀਤਾ ਗਿਆ! ਅਤੇ ਆਈ ਹੋਈ ਸੰਗਤ ਦਾ ਤਹਿਦਿਲੋ ਧੰਨਵਾਦ ਕੀਤਾ ਗਿਆ! ਗੁਰੂ ਕੇ ਲੰਗਰ ਅਤੁੱਤ ਵਰਤਾਏ ਗਏ!

गुरुवार, 3 फ़रवरी 2011

जर्मन लोग सीख रहे हैं हिन्दी

 म्युनिक के Münchner Volkshochschule में इस समय विश्व की करीब 50 भाषायें सिखायी जाती हैं जिनमें हिन्दी भी एक है। यहां हर समेस्टर में हिन्दी के अलग अलग स्तर के छह कोर्स चलते हैं जिनमें भारतीय मूल के श्री गुन्तुरू वानामली लोगों को हिन्दी पढ़ाते हैं। करीब चौबीस घंटे के हर कोर्स में दस छात्र पढ़ते हैं। अधिकतर लोग भारतीय भाषा और संस्कृति के बारे कुछ जानने की इच्छा से हिन्दी सीखते हैं।छात्रा Sabine Bräu कहती हैं कि उनका ब्वॉयफ़्रेण्ड एक भारतीय है। इसलिये वे थोड़ी हिन्दी सीखना चाहती हैं। लेकिन उन्हें ध्वनियों में अन्तर सुनने में बहुत दिक्कत आती है जैसे क और ख में अन्तर, ट और ठ में अन्तर, त और थ में अन्तर आदि। हिन्दी पढ़ना उन्हें सुनने से अधिक आसान लगता है। उल्टे छात्रा Marcella Moschini को हिन्दी पढ़ना मुश्किल लगता है और सुनना आसान।

Münchner Volkshochschule में ऐसी भाषाओं के लिये अलग विभाग है जिन्हें सीखने की मांग रोमन भाषाओं की अपेक्षा कम है। बसेरा की इस विभाग की मुख्य अध्यक्षिका Anna Rief (Fachgebietsleiterin, Seltener gelernte Sprachen) के साथ हुयी खास बातचीत में उन्होंने खुलासा किया कि सबसे अधिक सीखे जाने वाली भाषायें रोमन भाषायें हैं जैसे अंग्रेज़ी, फ़्रैंच, स्पेनिश, इटालियन, पुर्तगाली आदि। उसके बाद करीब 38 दूसरी भाषायें 'कम सीखे जाने वाली भाषाओं' (Seltener gelernte Sprachen) की श्रेणी में आती हैं जैसे अरबी, चीनी, हिन्दी आदि। अरबी और चीनी भाषा सीखने की मांग तो दरअसल इतनी है कि इन्हें 'कम सीखे जाने वाली भाषाओं' की श्रेणी में शामिल करना उचित नहीं है। इनकी तुल्ना में हिन्दी की स्थिति कमज़ोर ज़रूर है लेकिन इतनी बुरी नहीं है। भारत में पर्यटन करने के बहुत सारे इच्छुक लोग जाने से पहले थोड़ी भाषा सीख लेना चाहते हैं। बॉलवुड फ़िल्मों ने भी जर्मन लोगों में हिन्दी में रुची जगायी है। बहुत से लोग केवल भारतीय संस्कृति में रुची की वजह से हिन्दी सीखना चाहते हैं। हालांकि भाषा और लिपि, दोनों सीखना उन्हें थोड़ा भारी पड़ता है। अन्य भारतीय भाषायें सीखने की मांग लगभग न के बराबर है। श्री गुन्तुरू वानामली ने एक बार तेलगू सिखाने का भी प्रस्ताव रखा था लेकिन केवल दो तीन लोगों ने इसे सीखने के लिये फ़ोन किया। कोई भी कोर्स तभी चलाया जाता है जब उस भाषा को सीखने वाले लोगों की गिनती आठ अथवा उससे अधिक हो। इसलिये उनके लिये तो भारत की भाषा हिन्दी ही है जिसे अधिकतर भारतीय समझ लेते हैं।

Münchner Volkshochschule म्युनिक में स्थित एक संस्था है जो विभिन्न विषयों में अल्पकालिक प्रशिक्षण और सेमिनार आयोजित करती है, जैसे सेहत, कला, भाषायें, राजनिति, बिजनेस, कंप्यूटर आदि। यहां हर समैस्टर में कुल मिलाकर लगभग 7000 कोर्स, सेमिनार एवं टूर इत्यादि आयोजित किये जाते हैं। करीब एक लाख सत्तर हज़ार लोग हर वर्ष इनमें भाग लेते हैं। Anna Rief कहती हैं कि ये संस्था इस तरह की युरोप में सबसे बड़ी संस्था है। इसका कारण ये भी है कि म्युनिक में लोगों के पास पैसा है, काम है, और वे कुछ अतिरिक्त करने या सीखने के लिये पैसा निकाल सकते हैं।

http://www.mvhs.de/

http://www.gunturu.de/