सोमवार, 6 जुलाई 2009

Mallorca की सैर

क्या आप शहरों की इमारतों को देखकर बेज़ार हो गए हैं? क्या आपको यूरोप के सारे शहर एक जैसे लगते हैं? हम तो इन शहरों को देखकर थोड़ा ऊब गए हैं। इसलिए इस बार हमने किसी ऐसी जगह का भ्रमण करने की सोची जहां जर्मन लोग अधिक जाते हों, महंगी भी न हो और जहां सितम्बर के महीने में भी अच्छा मौसम हो। ऐसी शर्तों को पूरा करने वाला गन्तव्य हमें स्पेन का टापू Mallorca लगा। इस बार हमने यात्रा का प्रबंध खुद करने की बजाय पैकेज टूर लिया जिसमें विमान और अपार्टमेंट का किराया भी शामिल था। Mallorca हवाई अड्डे पहुंचने पर विश्वास ही नहीं हुआ कि इतने छोटे से टापू में भी इतने विमान और लोग प्रतिदिन आते हैं। फिर पता चला कि यहां का हवाई अड्डा यूरोप के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में से एक है। फिर हम Santa Ponça नामक जगह पर अपने अपार्टमेंट में पहुंचे। यह शहर सच में यूरोप के दूसरे शहरों से अलग और साफ सुथरा था। यहां की इमारतें अलग तरह की थीं, मौसम बहुत बढ़िया था, पेड़ पौधे अलग किस्म के थे। प्रकृतिक नज़ारा तो इतना सुन्दर था कि देखते रहने को मन करता था।  Mallorca में हर साल लाखों की संख्या में लोग आते हैं। यहां के लोगों की आय का मुख्य स्रोत भी पर्यटन ही है। इस टापू का क्षेत्र-फल 3600 वर्ग किलोमीटर है और यह Balearic Islands का सबसे बड़ा टापू है। यहां लगभग 300 से ज़्यादा beaches हैं। इन beaches के पास ही घर, रेस्त्रां, होटल, बार और बाज़ार बने होते हैं। बहुत सारे लोग तो एक ही जगह अपना पूरा trip बिता देते हैं।पहले दिन तो हम काफी थके हुए थे। इसलिए हमने apartment के सामने की beach, बाज़ार और शहर देखा। यह जगह भी काफी सुन्दर और चहल पहल वाली थी। फिर हमने खाना बनाने के लिए supermarket से थोड़ा सामान ख़रीदा। यहां Eroski और Casa Pepa नामक दो supermarkets अच्छी और सस्ती हैं। फल और सब्ज़ियां तो supermarkets की बजाय छोटी दुकानों से ही अच्छी मिलती हैं। इनमें फल सब्ज़ियां ताज़ा, स्वादिष्ट और सस्ती मिलती हैं। यहां Mallorca में उगने वाले फल और सब्ज़ियां भी खरीदें जैसे तरबूज, खरबूजा, अनार, नींबू, अंजीर आदि। फिर रात्रिभोज के बाद हम यहां की प्रसिद्ध nightlife देखने के लिए फिर बाहर निकल पड़े। रात में भी इतनी चहल पहल थी कि पूछो मत। दुकानें भी देर रात तक खुली थीं। सड़क के दोनों ओर बने रेस्त्रां, बार और डिस्को आदि लोगों से भरे हुए थे। लोग रात के दो तीन बजे तक संगीत के साथ झूमते और आनन्द लेते हुए दिखाई दे रहे थे। और फिर अगली सुबह दस बजे तक शहर में बिल्कुल शान्ति थी।

यहां सार्वजनिक परिवहन महंगा है। बसों की frequency भी कम है और वे समय पर भी नहीं आती हैं। न ही यहां कोई day pass या tourist pass होता है। हर बार यात्रा करने पर किराया देना पड़ता है। क्योंकि बसचालक खुद ही टिकट बेचता है इसलिए ज़्यादा भीड़ होने पर बस भी देर से आती है। अगर आपको कार चलानी आती है कार भाड़े पर लेकर घूमें। इससे आपका खूब सारा समय भी बचेगा और आप अधिक जगहें देख सकते हैं। या फिर आप package tour लें। ये सस्ते भी पड़ते हैं, इनसे समय भी बचता है और थकान भी कम होती है।

हमने भी दूसरे दिन एक travel agency से गुफाओं की यात्रा की। सुबह साढे आठ बजे ही हमारी बस हमें लेने होटल के पास आ गई। सभी यात्रियों को उनके hotel से लेते हुए बस सबसे पहले artificial pearl factory और shop पहुंची। यहां हमने कृत्रिम मोती बनने का तरीका दिखाया गया। उसके बाद हम गुफाएं देखने गए। Mallorca में लगभग 200 से ज़्यादा गुफाएं हैं जिनमें केवल पांच ही सार्वजनिक तौर पर खुली हैं। हम Coves del Drac नामक एक विश्व प्रसिद्ध गुफा देखने गए। गुफा के अन्दर कैमरे या वीडियो कैमरे का उपयोग करना मना है। पर लोग गार्डों से छुप कर फोटो लेते रहते हैं। इस गुफा में घुसी तो लगा जैसे मैं सपनों की दुनिया में पहुंच गई हूं। भूगोल की किताबों में जो पढ़ा था, टीवी में जो देखा था, वह आंखों के सामने था। यह गुफा चालीस करोड़ साल पहले बनी थी। यहां पत्थर की प्राकृतिक रूप से बनी हुई अद्भुत और सुन्दर आकृतियां हैं। लगभग 280 सीढ़ियों के द्वारा नीचे उतरने के बाद आप एक ऐसी जगह पहुंच जाएंगे जहां समुद्र का पानी गुफा में दिखने लगेगा। वहीं पर एक amphitheater में लोगों के बैठने के लिए मेज़ें लगी हैं। वहां एक 12 मिनट का live musical शो दिखाया जाता है जिसमें घुप्प अंधेरे से तीन नावें निकलती हैं। इन नावों पर कुछ लोग live music बजा रहे होते हैं। इन नावों के चारों ओर लगी बत्तियां अंधेरे में बहुत सुन्दर दिखती हैं। इसके बाद हम अपनी बस में बैठकर Mallorca की राजधानी Palma पहुंचे। यह बहुत घनी आबादी वाला शहर है। यहां बहुत बड़ी बन्दरगाह भी है। Mallorca की लगभग 90% जनसंख्या इस शहर में या टापू के समुद्र तट के पास रहती है। वहां हमने चर्च, shopping street, beach और बन्दरगाह देखी। फिर हम बहुत सारी सीढ़ियां चढ़ने के बाद काफी ऊंची पहाड़ी पर बने एक किले पर पहुंचे जहां से सारे शहर का नज़ारा बहुत सुन्दर दिखता है।

तीसरे दिन फिर हमने अपने शहर के पास की beaches और बन्दरगाहें देखीं। सबसे पहले हम Port d’Andratx गए जहां बन्दरगाह की ओर छोटे पहाड़ हैं जिनमें अमीर लोगों के बंगले  बने हुए हैं। उसके बाद हम Camp del Mar नामक beach पर गए। यहां पर एक अत्यन्त छोटा सा टापू है जिस पर लगभग उसी आकार का एक बड़ा सा रेस्त्रां बना हुआ है। हमने पढ़ा कि यह विश्व के सबसे छोटा टापू में बना रेस्त्रां है। फिर हम Paguera नामक जगह पर गए। यह जगह जर्मन पर्यटकों में लोकप्रिय है। वैसे भी Mallorca में आप जहां भी जाएं, जर्मन पर्यटक ही अधिक दिखाई देते हैं। मुझे तो कभी कभी लगता था कि मैं स्पेन में न होकर जर्मनी में हूं।

फिर शाम को हम सज कर एक रेस्त्रां में गए। मेरे पति ने स्पेन का Sangría नामक प्रसिद्ध पेय पीया जो वाईन, lemonade और फल डालकर बनाया जाता है। खाने में यहां Paella प्रसिद्ध है। चौथे दिन हमने Marineland जाने की सोची। इसकी टिकट online बुक करने या किसी travel agent से लेने पर दो ढाई यूरो सस्ती पड़ती है। travel agent से टिकट लेने पर जाने के लिए बस की टिकट भी मुफ्त मिल जाती है। Marineland में तीन शो होते हैं- Dolphin Show, Sea lion show, और parrot show. यह दिन में केवल तीन बार होते हैं। आप बीस यूरो देकर dolphin को छू भी सकते हैं और इनके साथ फोटो खिंचवा सकते हैं। मुझे बहुत मज़ा आया। Dolphin और sea lion के करतब देखकर तो ताली बजा बजा कर हाथ लाल हो गए। बच्चों के लिए भी यह जगह बड़ी रोचक है। इसके अलावा यहां कई तरह के समुद्री जीव जन्तु भी थे, जैसे penguin, सील मछली, stingray fish, कछुए, पानी वाला अजगर, बहुत बड़े गिरगिट, Flamingos आदि। इसके बाद हमने Palma Nova और Magaluf beach देखी। फिरोज़ी रंग और उजले रंग के बाली वाली Magaluf beach बहुत सुन्दर थी। उसके बीच में एक छोटा सा टापू भी था।

अगले दिन हमने Palma से Sóller नामक जगह तक चलने वाली सौ साल पुरानी ऐतिहासिक रेल की यात्रा की। इसके डिब्बे लकड़ी के बने हुए हैं। यह सुन्दर गांवों, पहाड़ों, और सुरंगों में से गुज़रती हुई एक घंटे में Sóller पहुंचती है। दस मिनट के लिए यह रेल एक Photo Point पर रुकती है जहां यात्रीगण उतर कर photo shooting कर सकते हैं। यह रास्ता इतना खूबसूरत था कि हम तो सारे रास्ते बैठे ही नहीं, खड़े होकर बाहर का प्राकृतिक नज़ारा देखते रहे। फिर Sóller में उतर कर हम लकड़ी की एक ऐतिहासिक ट्रैम में बैठे जो Sóller शहर से सन्तरों और नींबू के बगीचों में से गुज़रती हुई 20-25 मिनट में Port de Sóller नामक बन्दरगाह तक जाती है। एक ऊंची जगह से यह बन्दरगाह देखने में बहुत रोचक लगती है। इसके बाद हम ट्रैम लेकर Sóller शहर वापस आ गए और वहां थोड़ी सैर की। यहां के घर पत्थर के बने हुए हैं और देखने में बहुत ऐतिहासिक लगते हैं। फिर हम बस द्वारा पहाड़ों के बीच बसे हुए Deia नामक एक छोटे से गांव में गए। फिर हम बस से वापस Palma आ गए। Deia में से होता हुआ Sóller से Palma का रास्ता बहुत ही रमणीक है। मेरे ख्याल से Palma से Sóller रेल द्वारा जाना चाहिए और वापस बस से आना चाहिए।

अगले दिन हम कोई दो घंटे की दूरी पर Mallorca के दक्षिण में स्थित Estrenc नामक एक बहुत ही सुन्दर और मन-मोहक प्राकृतिक beach देखने गए। तीन किलोमीटर लंबी यह beach एक प्रकृति संरक्षित क्षेत्र है। इसलिए यहां अन्य beaches की तरह किनारे पर इमारतें नहीं बनी हुईं। इसके पानी का रंग भी फिरोज़ी था और बालू बिल्कुल सफेद। इसकी तुलना Maldives की beaches के साथ की जाती है। हमने खूब मौज़ मस्ती की, पानी में खूब नहाए और बालू के घर बनाए।

अन्तिम दिन हमने आसपास के beaches देखे। Illes Margret नामक बहुत सुन्दर viewing point और Illetas beach भी देखे। यहां तीन छोटी छोटी beaches हैं। उनका पानी और बालू बहुत सुन्दर हैं। हमने पानी में मौज मस्ती किया और शाम को थोड़ी shopping कर के होटल वापस आ गए, क्योंकि सुबह airport के लिए भी निकलना था। Mallorca की हर beach बहुत सुन्दर है। यहां देखने लायक और भी बहुत सी जगहें हैं जो हमने अगली बार घूमने के लिए बचा ली हैं, जैसे Formentor, Alcudia, La Calobra आदि। यह एक ऐसी जगह है जहां सभी आयु के लोगों के लिए कुछ न कुछ है। बच्चों से लेकर बूढों के लिए, दंपत्ति हों या परिवार। हमें तो यहां बहुत मज़ा आया और आने के बाद मैंने अपने सारे मित्रों को यहां जाने का परामर्श दिया।

शालिनी सिन्हा, म्युनिक