शनिवार, 18 अप्रैल 2009

लड़के ने की अपने माता-पिता और बहनों की हत्या

Ulm के पास Eislingen नामक शहर में 9 अप्रैल की रात को एक 18 वर्षीय लड़के ने अपने एक 19 वर्षीय दोस्त के साथ मिलकर अपने ही घर में अपनी दो बड़ी बहनों और अपने माता पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के कारण अभी साफ़ नहीं हो पाए हैं। किसने किसपर कितनी गोलियां चलाईं, यह भी अभी साफ़ नहीं है।

उस रात को दोनों दोस्त बड़े लड़के के घर से निकल कर छोटे वाले के घर की चल पड़े। लड़के के माता पिता दोस्तों को मिलने किसी रेस्त्रां में गए हुए थे और घर में केवल उसकी चौबीस और बाईस वर्षीय बहनें थीं। उन्होंने उन पर क्रमशः नौ और दस गोलियां चला कर हत्या कर दी। फिर वे माता पिता से मिलने रेस्त्रां चले गए। वहां उनके साथ आधा घंटा बैठ कर फिर घर वापस आ गए और माता पिता के वापस आने की प्रतीक्षा करने लगे। 57 वर्षीय पिता और 55 वर्षीय माता के वापस आते ही उन्हें भी क्रमशः आठ और तीन गोलियों से भून दिया।

केस की जांच के लिए पुलिस द्वारा 30 लोगों का 'विशेष जांच दल' गठित किया गया। शिकारी कुत्तों की मदद से घर के पास के जंगल में एक कूड़े वाले प्लास्टिक बैग में लिपटी एक पिस्तौल और अपराध के समय पहने गए कपड़े पाए गए। 18 वर्षीय लड़का शहर के एक शूटिंग क्लब का सदस्य भी था। पिछली अक्तूबर इस क्लब से कुछ हथियार चुराए गए थे। अब साफ़ हो गया कि यह हथियार इन्हीं लोगों ने चुराए थे।

हत्या के बाद लड़के ने रेड क्रास और पुलिस को घर में हत्या की खबर दी। आरंभिक जांच में पुलिस को शक हुआ कि न तो घर के मृत सदस्य किसी अजनबी के आगमन से चौंके होंगे, न किसी के घर में ज़बरदस्ती घुसने के निशान थे। शक के आधार पर इन दोनों को गिरफ्तार किया गया था पर उस समय ये दोनों अपराध स्वीकार नहीं कर रहे थे। 16 अप्रैल को बड़े लड़के ने आखिर अपराध स्वीकार कर लिया, जबकि छोटे वाला अभी खामोश था।